देश-दुनियाँ • राजनीती

हम भ्रष्टाचार नहीं, शासन करना जानते हैं- विधायक,आम आदमी पार्टी

चंडीगढ़। हरियाणा और पंजाब के नेताओं के बीच आपस में तू-तू मैं-मैं होती रहती है और बीते दिनों तो पंजाब की भगवंत मान सरकार ने चंडीगढ़ को राज्य में तत्काल ट्रांसफर करने वाला प्रस्ताव पारित करके हरियाणा के नेताओं की चिंताएं बढ़ा दी। जिसके बाद हरियाणा सरकार ने स्पष्ट कर दिया कि चंडीगढ़ हरियाणा और पंजाब दोनों की ही राजधानी है। इसी बीच हरियाणा सरकार में मंत्री रंजीत सिंह ने भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा।
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पंजाब की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। वे (आप सरकार के मंत्री) अनुभवहीन हैं और किसी का भी पहले का राजनीतिक करियर नहीं है। उनमें से 90 फीसदी लोगों ने विधानसभा ही नहीं देखी है। कोई मोबाइल रिपेयर करता था तो कोई ऑटो ड्राइवर था। लेकिन प्रशासन एक अलग चीज़ है। सरकार चलाना कोई आसान काम नहीं है कि कोई चला देगा, यह एक बड़ी ज़िम्मेदारी है।
रंजीत सिंह ने कहा कि यहां तक कि नर्स और पुलिसकर्मी भी ट्रेनिंग से गुजरते हैं। मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों पर सरकार चलाने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। प्रशासन का काम बिल्कुल अलग है। दिल्ली से अरविंद केजरीवाल के रिमोट कंट्रोल वाली राज्य सरकार होगी।

इसी बीच आम आदमी पार्टी विधायक ने रंजीत सिंह पर पलटवार करते हुए साफ कर दिया कि हम भ्रष्टाचार नहीं, शासन करना जानते हैं। आम आदमी पार्टी विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि उनका बयान बिलकुल सही है कि हमने विधानसभा नहीं देखी। हमारे 12 विधायक डॉक्टर हैं, 14 से अधिक वकील हैं और 16 इंजीनियर हैं। हमारे सब विधायक योग्य हैं और देश चलाना जानते है। मैं खुद जीएम की पोस्ट तक रहा हूं और इंजीनियर हूं। उन्होंने आगे कहा कि हम इन मंत्रियों की तरह भ्रष्टाचार करने के बजाय देश पर शासन करना जानते हैं।

Ad

देश-दुनियाँ