देश-दुनियाँ

तो मिशन मोड में आ चुकी है झारखंड भाजपा – विनोद सिन्हा,सामाजिक कार्यकर्ता

 

झारखंड विधानसभा चुनाव का समय भले ही 2 साल बाद हो और लोकसभा चुनाव के लिए करीब डेढ साल का समय शेष हो। लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दो दिवसीय देवघर दौरा ने सियासी तापमान को बढ़ा दिया है। पहले बाबा वैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना और उसके बाद यूरिया फैक्टरी के उद्घाटन के दौरान जिस प्रकार से गृहमंत्री अमित शाह राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर बरसे, उसका सियासी विश्लेषण शुरू हो गया है।
जनता को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीधे तौर पर कहा कि झारखंड का विकास करना है तो राज्य में बहुमत वाली भाजपा सरकार बनाएं। केंद्र की सत्त्ता में बेहतर योगदान देना है, तो राज्य की सभी 14 लोकसभा से केवल भाजपा प्रत्याशी को ही सांसद बनाकर भेजें।
केंद्रीय गृह मंत्री देवघर में आयोजित विजय सकंल्‍प महारैली में झारखंड सरकार पर जमकर हमला बोला है। शाह ने कहा कि भारत में अगर कहीं सबसे ज्यादा भ्रष्ट सरकार है तो वो झारखंड में है… कोई मंत्री-मुख्यमंत्री बनता है तो हाथ से करप्शन करता है, लेकिन यहां तो ट्रैक्टर और रेलवे के वैगन से भ्रष्टाचार करना शुरू कर दिया गया है। कोरोना में हमने तय किया था कि सरकार किसी भी घर का चूल्हा बंद नहीं होने देगी, हमने ढाई साल तक प्रति व्यक्ति-प्रति माह पांच किलो अनाज मुफ्त पहुंचाया है। अब एक और साल तक हम गरीबों को मुफ्त अनाज उपलब्ध करवाएंगे। अमित शाह ने कहा कि मोदी जी की सरकार ने गरीब, आदिवासी और पिछड़ों के हित को हमेशा वरीयता दी है। आजादी के बाद पहली बार एक गरीब आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनीं हैं, यह हर गरीब का सम्मान है… हर आदिवासी का सम्मान है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आम बजट में मध्यम वर्ग को राहत देने का कार्य किया है, जिनकी आय 7 लाख रुपए से कम है उनको इनकम टैक्स में छूट दी है। सरकार आदिवासी भाईयों के लिए 740 एकलव्य मॉडल स्कूल तैयार करेगी, जिसके लिए 38,000 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। झारखंड सरकार द्वारा गरीबों और आदिवासियों के विकास का पैसा दिल्ली के दरबार में पहुंचाया जा रहा है। जनता सब जानती है… हेमंत बाबू चुनाव में आ जाओ, जनता आपको हटाने को तैयार बैठी है। वोट बैंक के लालच में यहां घुसपैठिए घुसाए जा रहे हैं, वो आदिवासियों की जमीन हथिया रहे हैं, बच्चियों पर अत्याचार कर रहे हैं और हेमंत बाबू… मुस्कुराते हुए यह सब देख रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि इस क्षेत्र में आदिवासियों की संख्या लगातार घट रही है। ये क्षेत्र साइबर क्राइम का हब बन गया है। यहां बच्चों को गलत रास्ते पर ले जाकर बड़े-बड़े अपराध हो रहे हैं। भारत सरकार ने साइबर क्राइम से लड़ने के लिए जितनी भी मदद देनी चाही… हेमंत बाबू किसी पर आगे नहीं बढ़े। उन्होंने कहा कि ये कोई विकास का काम नहीं करना चाहते केवल वैगनों में भर कर रुपया आए इतना भ्रष्टाचार करना चाहते हैं। हेमंत बाबू, संथाल परगना में आपने विकास का कोई काम नहीं किया, केवल जनता को मूर्ख बनाने का काम किया। जनता अब आपको जान चुकी है और आप से हिसाब मांगती है। आदिवासी बेटियों की हत्या का जवाब आपसे मांगा जा रहा है। शाह ने कहा कि मोदी जी ने झारखंड के एक बड़े हिस्से को उग्रवाद और नक्सलियों से त्रस्त इलाके को मुक्त करने का काम किया है। हमने झारखंड में विकास की राह बनाने और नक्सलवादियों से मुक्त करने का काम किया।
असल में, लोकसभा चुनाव 2024 में होना है, अभी से भारतीय जनता पार्टी ने अपना लक्ष्य तय कर लिया है। झारखंड में लोकसभा की 14 सीटें हैं और पार्टी यहां सभी 14 सीटों पर कब्जे की रणनीति बना रही है। हाल ही में एक मुलाकात के दौरान मिशन-2024 के तहत झारखंड में लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुटे राज्य भाजपा के प्रभारी डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि अमित शाह के नेतृत्व में 2014 के लोकसभा चुनाव के समय यूपी में काम कर चुका हूं। नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनवाने के लिए उनके दांव को पिटने नहीं दिया था। झारखंड में भाजपा की जीत होती रही है और आगे भी होगी। आगामी 2024 लोकसभा चुनाव दौरान झारखंड में भाजपा के दांव को पिटने नहीं दूंगा।
इससे पहले मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य 2024 के चुनाव में झारखंड की सभी 14 सीटों पर जीत का है। 2014 और 19 में 12 सीटें जीते थे और दो हारे थे। हारी हुई लोकसभा की सीटें और विधानसभा में पिछड़े बूथों पर हमारा फोकस है। पिछले चुनाव में चाइबासा हार गए थे। यहां से गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव अभियान का शुभारंभ कर दिया है।

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad

देश-दुनियाँ