देश-दुनियाँ

हमने अपना अभिभावक खो दिया और मुलायम सिंह यादव का जाना पूरे देश के लिए अपूर्णनीय क्षति- पप्पू यादव

 

अखिलेश का दु:ख बांटने सैफई पहुंचे पप्पू यादव व डॉ.जितेन्द्र यादव

लखनऊ-

नेताजी मुलायम सिंह यादव का चले जाना केवल सैफई परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए कष्टदायक है। समाजवादी ही नहीं सभी दलों के लिए राजनीति के इस पहलवान के अवसान से मर्माहत हैं।  जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के निवर्तमान प्रदेश सचिव डॉ.जितेन्द्र यादव ने सैफई जाकर डॉ.अखिलेश यादव का दु:ख साझा किया। इस दौरान प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष और मुलायम सिंह यादव के अनुज शिवपाल यादव तथा पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव भी साथ में थे।

आपको बता दें, राजेश रंजन (पप्पू यादव) से नेताजी मुलायम सिंह यादव को खास स्नेह था। पप्पू यादव भी नेताजी को अपना संरक्षक मानते थे। उनके निधन पर पूर्व सांसद ने सोमवार को ही गहरा दु:ख व्यक्त किया था और अपने सारे राजनैतिक कार्यक्रम निरस्त कर दिए थे। अपने भावुक सन्देश में उन्होंने कहा था उन्होंने अपना अभिभावक खो दिया और मुलायम सिंह यादव का जाना पूरे देश के लिए अपूर्णनीय क्षति है। पप्पू यादव की बहन डॉ.अनीता रंजन और डॉ.जितेन्द्र यादव के विवाह समारोह में भी नेताजी ने पहुंंचकर आशीर्वाद दिया था। डॉ.जितेन्द्र यादव का भी पूरा परिवार समाजवादी पार्टी की स्थापना से पूर्व से ही मुलायम सिंह यादव के साथ जुड़ा है। डॉ.जितेन्द्र यादव मेदान्ता अस्पताल नेताजी को देखने कई बार गए और सोमवार से ही सैफई में अखिलेश यादव और उनके परिवार के साथ हैं।

पप्पू यादव और डॉ.जितेन्द्र यादव ने अखिलेश यादव और परिवार के अन्य सदस्यों को ढांढ़स बंधाया। पूर्व सांसद ने कहा पिता का स्थान कोई दूसरा व्यक्ति नहीं ले सकता, यह जीवन का एक ऐसा रिक्त स्थान है जो हमेशा पीड़ा देता है। लेकिन विधि के विधान के आगे सभी बेवश हैं। बुधवार को शुद्धि कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रो.रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, धर्मेन्द्र यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। पप्पू यादव और डॉ.जितेन्द्र ने परिवार के सदस्यों से मिलकर उन्हें ढांढ़स बंधाया।

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad