राजनीती

अखिलेश-आजम ने सांसद पद से इस्तीफा दिया, सपा मुखिया विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बन सकते हैं

नई दिल्ली, यूपी की आवाज।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री आजम खान से लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। दोनों नेताओं ने इस बार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है। ऐसे में अब दोनों 2027 तक विधायक रहेंगे। अखिलेश आजमगढ़ से जबकि आजम खान रामपुर से सांसद थे। अखिलेश करहल से विधायक बने रहेंगे। वहीं, सीतापुर जेल में बंद आजम खान ने रामपुर सीट से चुनाव लडक़र जीत हासिल की थी।
अखिलेश यादव यूपी विधानसभा में विपक्ष के नेता बन सकते हैं। सियासी जानकारों का कहना है कि अखिलेश अब पूरी तरह से उत्तर प्रदेश पर फोकस करना चाहते हैं। इसीलिए, उन्होंने सासंदी से इस्तीफा दिया। विधानसभा में उनकी मौजूदगी से पार्टी के अन्य विधायकों को ज्यादा मजबूती मिलेगी। वह भाजपा सरकार को सदन से लेकर सडक़ तक घेर सकते हैं। इसके अलावा, आजम खान के जेल बंद होने के चलते और राम गोविंद चौधरी के चुनाव हार जाने के चलते फिलहाल सपा के पास कोई बड़ा चेहरा भी नेता प्रतिपक्ष पद के लिए दिखाई नहीं दे रहा है।
सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि अखिलेश ने यह फैसला अपने पिता और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव के कहने पर लिया है।
माना जा रहा है कि अब वह अपना पूरा ध्यान एमएलसी चुनाव पर लगाने वाले हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि एमएलसी चुनाव बड़ी चुनौती है। इसमें प्रशासन से भी लडऩा है। एमएलसी चुनाव में प्रत्याशियों के नाम पर यादव न लिखे जाने के सवाल पर कहा कि भाजपा यदि जातिवादी राजनीति करे तो वह सोशल इंजीनियरिंग है। लेकिन जब समाजवादी पार्टी करती है तो वह जातिवाद। भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जहां पर माफियाओं को एमएलसी चुनाव जिताना है वहां पर भाजपा प्रत्याशी नहीं लड़ा रही है।
अब रामपुर और आजमगढ़ से लोकसभा सदस्य के लिए चुनाव होगा। आजमगढ़ से पूर्व सांसद डिम्पल यादव को चुनाव लड़ाया जा सकता है।

विधानसभा में सभी सीटें जिताने के लिए दिया था आजमगढ़ को धन्यवाद

इससे पहले उन्होंने आजमगढ़ की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा था कि इस जिले का परिणाम ऐतिहासिक रहा है। भाजपा की कोशिश रही कि आजमगढ़ में सपा को पीछे कर दे। लेकिन यहीं से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। दसों सीटें सपा को मिलीं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भले ही न बनी हो लेकिन हम हारे नहीं हैं।
यूपी की जनता का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि सपा की सीटें बढ़ी हैं और वोट प्रतिशत भी बढ़ रहा है। इस बार हमने यह जाना है कि वोट प्रतिशत कैसे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जो चुनाव होगा न केवल भाजपा की सीटें कम होगी बल्कि उनका वोट घटाने का काम जनता करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार जब प्रदेश की जनता ने बहुमत दिया है तो इस बार भाजपा झूठ बोलकर जनता को निराश न करे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad