उत्तर प्रदेश

विधानसभा मानसून सत्र : दुष्यन्त की कविता पढ़ कर अखिलेश पर बरसे सीएम योगी

यूपी की आवाज

लखनऊ। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को नेता विरोधी दल अखिलेश यादव के एक घण्टे तक बोलने के बाद नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भाषण शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने दुष्यन्त कुमार की कविता…तुम्हरे पांव के नीचे जमीन नहीं…कह कर अखिलेश यादव पर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया तो अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।

योगी ने कहा कि एक घंटे के भाषण में अखिलेश को केवल गोरखपुर का जलजमाव याद आया। जो लोग चांदी की चम्मच लेकर पैदा हुए, वह गांव, गरीब, शोषित वंचित की पीड़ा क्या समझ पाएंगे। सपा चौधरी चरण सिंह की थोड़ी बात भी ध्यान रखी होती तो इनकी सरकार में सबसे अधिक किसानों ने आत्महत्या नहीं की होती।

नेता सदन ने कहा कि जिस किसान की बात आप (अखिलेश) कर रहे हैं, वह सांड़ भी उसी का हिस्सा है। आपके जमाने में सांड़ कत्ल खाने में जाते थे, हमारी सरकार में गोधन के रूप में हैं। योगी ने यादव परिवार में फूट पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि नेता विरोधी दल जो सूची लेकर आये हैं, उसमें कुछ गड़बड़ है। चाचा शिवपाल ने सूची बदल दी होगी। वैसे भी जब परिवार में सत्ता के लिए संघर्ष होता है तो यह सब होता ही है।

इसके आगे मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी विषयों पर जवाब देंगे। इसके बाद वह प्रदेश में बाढ़ और किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनानी शुरू कीं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले बाढ़ प्रभावितों को केवल ब्रेड बांटा जाता था। हमारी सरकार आई तब एक किट तैयार की गई। इसके साथ ही महिलाओं के लिए अलग से डिग्निटी किट दी जाने लगी। आज अस्पतालों में लोग इसलिए आते हैं क्योंकि वहां डॉक्टर भी उपलब्ध हैं और दवा भी है। आपके लिए वोट बैंक हो सकता है, जाति हो सकती है लेकिन मेरे लिए पूरा प्रदेश परिवार है। इसीलिए जनता ने आपको 2014, 2017, 2019 और 2022 में आपका साथ नहीं दिया। 2024 में आपका खाता भी नहीं खुलेगा। शिवपाल के लिए कहा कि आपका यह कोई भला नहीं करने वाले हैं। इसलिए अपना रास्ता खोज लीजिये।

Tags
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad