देश-दुनियाँ

विश्व भर में भारतीयों ने मनाया 77वां स्वतंत्रता दिवस, बुर्ज खलीफा पर लहराया तिरंगा

एजेंसी

वाशिंगटन/बीजिंग/दुबई। भारत के 77वां स्वतंत्रता दिवस को दुनिया भर में रहने वाले भारतीयों ने विश्व भर में पूरे उत्साह के साथ मनाया। भारतीय नागरिक विभिन्न दूतावासों, राजनयिक मिशन में एकत्र होकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं तथा राष्ट्रगान और देशभक्ति के गीत गाये। वहीं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने भी दुबई में बुर्ज खलीफा को तिरंगे से रोशन करके भारत का स्वतंत्रता दिवस मनाया।

वाशिंगटन में भारत के 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में बाइडन प्रशासन भारतीय-अमेरिकियों के साथ शामिल हुआ। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध पहले की तुलना में अधिक प्रगाढ़ हुआ है।

बीजिंग में प्रवासी भारतीयों और भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस मनाया। दूतावास ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा कि भारत की चार महिला गुमनाम नायिकाओं के बलिदान को प्रदर्शित करने वाले एक नाटक का बच्चों के एक दल ने मंचन किया।

शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूत एन नंदकुमार ने पूर्वी चीन के महानगरों में भारत के महावाणिज्य दूतावास में तिरंगा फहराया और उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्र के नाम संबोधन पढ़ा।

लंदन में, भारतीय मूल के सैकड़ों लोग भारतीय उच्चायोग में एकत्र हुए। उन्होंने वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाये।

ब्रिटेन में, भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी ‘मोटो जीपी भारत रेस’ की तैयारी के क्रम में मोटरसाइकिल सवार एक समूह के साथ एक कार्यक्रम में मोटरसाइकिल चलाई। उच्चायुक्त ने यहां के दौरे पर आये नेशनल ब्लाइंड क्रिकेट टीम के सदस्यों को सम्मानित किया। मंच पर एनसीसी कैडेट को भी सम्मानित किया गया।

आस्ट्रेलिया में, उच्चायुक्त मनप्रीत वोहर ने राष्ट्रध्वज फहराया और राष्ट्रपति मुर्मू का संबोधन पढ़ा। आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने पूरे देश (आस्ट्रेलिया) में 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे भारतीय समुदाय के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

सिंगापुर में, इस अवसर पर कार्यवाहक उच्चायुक्त पूजा एम तिल्लु ने आईएनएस कुलिश की यात्रा पर आये 1,000 से अधिक प्रवासी भारतीयों का चालक दल के सदस्यों के साथ नेतृत्व किया। आईएनएस कुलिश बैंड ने धुन बजाई और बैंड के सदस्यों ने स्थानीय भारतीय स्कूलों के छात्रों के साथ देशभक्ति गीत गाये। श्रीलंका में, उच्चायुक्त गोपाल बागले और भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों ने भारतीय शांति सेना स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

वहीं दुबई में स्थित दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर तिरंगे को प्रदर्शित करने केसाथ राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ बजने का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad