देश-दुनियाँ

हमें देश के लिए जीने से कोई नहीं रोक सकताः अमित शाह

यूपी की आवाज

अहमदाबाद। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने रविवार को मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत अहमदाबाद नगर निगम की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह तिरंगा यात्रा घाटालोडिया वार्ड ऑफिस से निर्णयनगर तक निकाली गयी। दोनों के बीच की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर है।
इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि वर्ष 1857 से लेकर 1947 तक 90 वर्ष के दौरान संघर्ष के बाद बहुमूल्य आजादी की प्राप्ति हुई। लाखों-करोड़ों लोगों ने 90 साल तक बलिदान दिया, संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि अब आजादी के 75 साल हो गए। हम देश के लिए मर तो नहीं सकते, क्योंकि देश आजाद हो गया है, लेकिन हमें देश के लिए जीने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सवी वर्ष को एक बहुत ही उम्दा भाव के साथ जनता के समक्ष रखा है। आजादी के अमृत महोत्सव के जरिए मोदी ने सारे देश के अंदर देशभक्ति का ज्वार पैदा करने का काम किया है। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान को लेकर लोगों से अपील भी की। शाह ने कहा कि आज जब हजारों-हजार लोग तिरंगा लेकर चल रहे हैं तो उस अभियान को सफल होते देख रहा हूं।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा, 15 अगस्त 2022 को देश में एक भी घर ऐसा नहीं था, जिस पर तिरंगा न फहरा हो, किसी ने सेल्फी न ली हो। मोदी जी ने फिर आह्वान किया है। अगर सबके घर पर तिरंगा फहरे, तो पूरा गुजरात और पूरा देश तिरंगा मय हो जाएगा। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त 2023 से 15 अगस्त 2047 तक आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का आह्वान किया है। देश की 75 से 100 साल की इस यात्रा में हम सभी नागरिक देश को हर क्षेत्र में नंबर-1 बनाने को लेकर अपना पूरा योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह अमरत्व युवा पीढ़ी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। 90 वर्षों तक युवा पीढ़ी ने स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व किया और देश को गुलामी से मुक्त कराया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी हर तिरंगा अभियान को लेकर अपील की है।
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि भारत का अभिन्न अंग होने के बावजूद पहले कश्मीर में तिरंगे को फहराने के लिए संघर्ष करना पड़ता था। पिछले दिनों हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने साहसपूर्वक कश्मीर में तिरंगा फहराया था। देश की भावी पीढ़ी को तिरंगा फहराने के लिए संघर्ष न करना पड़े, इसके लिए हमारे प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की जोड़ी ने संघर्ष किया। उनके सशक्त नेतृत्व में कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर देश को एक एवं अखंड बनाया गया। इसके कारण आज कश्मीर में तिरंगा शान से लहरा रहा है।
इससे पूर्व उपस्थित पुलिस बैंड द्वारा संगीत की धुन पर गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया गया। प्लाटून कमांडो के नेतृत्व में विभिन्न पुलिस बलों की परेड के साथ उपस्थित गणमान्य लोगों ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद गृहमंत्री शाह और मुख्यमंत्री पटेल सहित उपस्थित सभी गणमान्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
जिला कलक्टर प्रवीणा डीके, उपमहापौर गीताबेन पटेल, विधायक, सांसद, पुलिस आयुक्त जीएस मलिक, नगरसेवक और बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगा यात्रा में भाग लिया।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad