उत्तर प्रदेश

गोरखपुर के गांधी आश्रम पहुंचे योगी, चरखा चलाकर बापू को किया याद, खरीदे खादी के वस्त्र

यूपी की आवाज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बापू के सत्य व अहिंसा के संदेश का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्रीय श्रीगांधी आश्रम, गोलघर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खादी रास आ गई।

उन्होंने चरखा चलाया और कुर्ते का कपड़ा खरीदा। बापू की जयंती पर मुख्यमंत्री गोलघर के गांधी आश्रम पहुंचे और चरखा चलाकर उन्हें याद किया। उन्होंने गांधी आश्रम में सूत कातने की विधि को देखने, जानकारी लेने, खादी व ग्रामोद्योग के उत्पादों का अवलोकन करने के बाद खादी के वस्त्र भी खरीदे। गांधी आश्रम में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में पूरी दुनिया इसे देख चुकी है। सीएम योगी ने कहा ‘‘बापू ने पूरी दुनिया को सत्य व अहिंसा का मार्ग दिखाकर यह संदेश दिया कि लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हुए दुनिया की बड़ी से बड़ी ताकत को झुकाया जा सकता है। महात्मा गांधी ने स्वदेशी, सत्य व अहिंसा का पालन करते हुए उन अंग्रेजों को देश छोड़ने को मजबूर कर दिया, जिनके बारे में कहा जाता था कि उनके राज में सूर्य अस्त नहीं होता। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों व निकायों में स्वच्छांजलि का कार्यक्रम चल रहा है। ‘‘स्वदेशी, स्वावलंबन, सत्य व अहिंसा का जो मार्ग महात्मा गांधी ने दिखाया था, उसके साथ ही उनके लिए स्वच्छता का अभियान भी बहुत महत्वपूर्ण था। स्वच्छांजलि का कार्यक्रम बापू के इसी अभियान से प्रेरित है।

महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर योगी ने दी श्रद्धांजलि

लखनऊ। आज 2 अक्टूबर को देशभर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 154वीं और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 119वीं जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर आज देशवासी उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राष्ट्रपिता और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनके जन्मदिन पर याद किया और श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज एक्स पर पोस्ट शेयर कर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। प्रदेश वासियों को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की शुभकामनाएं। आइए, इस पुनीत अवसर पर सत्य, अहिंसा, प्रेम और स्वच्छता के संस्कार को आत्मसात कर रामराज्य की संकल्पना के साथ देश और समाज के विकास में निरंतर अग्रसर रहने हेतु संकल्पित हों। सीएम योगी ने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने वे पहले थे। इन्हें अपनाने से पूरे विश्व में शांति और सद्भाव स्थापित होगा, जिसकी आज बहुत आवश्यकता है। उनकी शिक्षा का अनुसरण ही गांधी जी के प्रति हम सभी की सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का मानना था कि साफ-सफाई, ईश्वर की आराधना के समान है। इसलिए उन्होंने लोगों को स्वच्छता अपनाने की शिक्षा दी। वर्तमान सरकार, गांधी जी के स्वच्छ भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए निरन्तर प्रयास कर रही है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप सम्पूर्ण प्रदेश में स्वच्छता के व्यापक प्रसार में उल्लेखनीय सफलता मिली है। सीएम योगी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनके जन्मदिवस पर याद किया। उन्होंने कहा, शुचिता, सादगी व कर्तव्यनिष्ठा के आदर्श प्रतिमान, जय जवान-जय किसान के उद्घोष से सुरक्षा-समृद्धि के दो प्रमुख घटकों को सशक्त करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उनका त्यागमय जीवन हम सभी के लिए एक पाथेय है।

Ad