देश-दुनियाँ

एनीमिया मुक्त भारत अभियान • स्कूली बच्चों को बचाव की जानकारी देकर किया गया जागरूक

 

– पहल • विभिन्न विद्यालयों में शिविर आयोजित कर स्कूली बच्चों को किया गया जागरूक
– एनीमिया के कारण, लक्षण एवं उपचार की भी दी गई विस्तृत जानकारी

खगड़िया, 22 नवंबर-

एनीमिया मुक्त भारत अभियान की सफलता को लेकर सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग काफी गंभीर है। अभियान को गति देने के लिए लगातार जिले में लगातार विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से सामुदायिक स्तर पर लोगों को एनीमिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में निपुण भारत अभियान के तहत पटना से आई टीम द्वारा स्थानीय स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं पिरामल फाउंडेशन की टीम के सहयोग से आवास बोर्ड खगड़िया, मध्य विद्यालय मारर, मध्य विद्यालय हाजीपुर, मध्य विद्यालय कामानाथ (अलौली) समेत विभिन्न विद्यालयों में शिविर आयोजित कर स्कूली बच्चों को एनीमिया से बचाव के लिए आवश्यक और जरूरी जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों को एनीमिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही एनीमिया से प्रभावित होने पर क्या करना चाहिए, कैसे इसे दूर किया जा सकता है, आदि जानकारी भी दी गई। इसके अलावा खेल-खेल में बच्चों को शिक्षा देने पर भी बल दिया गया। इस मौके पर पिरामल फाउंडेशन के प्रभात गौतम, प्रफुल्ल झा, गाँधी फेलो की राजिया उमर, मो. जुनैद, राकेश कुमार आदि मौजूद थे।

– सामुदायिक स्तर पर भी लोगों को किया गया जागरूक :
पिरामल फाउंडेशन के डीपीएल प्रफुल्ल झा ने बताया, स्कूल के अलावा अन्य सार्वजनिक जगहों पर भी शिविर आयोजित कर सामुदायिक स्तर पर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान एनीमिया से बचाव के लिए नियमित तौर पर हीमोग्लोबिन जाँच कराने, आयरन और फोलिक एसिड टेबलेट का सेवन करने समेत अन्य आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही एनीमिया से बचाव के लिए प्रोटीन युक्त खाना का सेवन करने के लिए भी जागरूक किया गया। क्योंकि, यह बीमारी खून की कमी से होती है। इसलिए, इससे बचाव के लिए आयरन और प्रोटीन युक्त खाना का सेवन करना जरूरी है। दरअसल, शरीर में पर्याप्त आयरन रहने से इस बीमारी की संभावना ना के बराबर रहती है।

– प्रोटीनयुक्त खाने के सेवन की भी दी गई जानकारी :
सिविल सर्जन डाॅ अमरनाथ झा ने बताया, एनीमिया से बचाव के लिए प्रोटीनयुक्त भोजन की भी जानकारी दी गई। जिसमें पालक, सोयाबीन, चुकंदर, लाल मांस, मूँगफली ,मक्खन, अंडे, टमाटर, अनार, शहद, सेब, खजूर आदि प्रोटीन युक्त आहार का उपयोग करने एवं इससे होने वाले फायदे समेत अन्य आवश्यक और जरूरी जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। वहीं, उन्होंने बताया, एनीमिया बीमारी का शुरुआती लक्षण थकान, कमजोरी, त्वचा का पीला होना, दिल की धड़कन में बदलाव, साँस लेने में तकलीफ, चक्कर आना, सीने में दर्द, हाथों और पैरों का ठंडा होना, सिरदर्द आदि होना है। ऐसा लक्षण होते ही ससमय जाँच और इलाज कराएं।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad