उत्तर प्रदेश

पूरे विश्व में भारत का बजा डंका, चंद्रयान-3 ने रचा इतिहास, काशी में हर-हर महादेव की गूंज

  • श्री काशी विश्वनाथ दरबार सहित पूरे शहर में हवन पूजन, अरदास और सफल लैंडिंग पर जश्न का माहौल
यूपी की आवाज

वाराणसी। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग से आह्लादित है। बुधवार शाम चंद्रयान के इतिहास रचते ही पूरे काशी में हर-हर महादेव का गगनभेदी उद्घोष फिजाओं में रहा।

सुबह से ही पूरे नगर में चंद्रयान के सफल लैंडिंग के लिए विभिन्न मंदिरों में हवन पूजन के साथ सभी संप्रदाय के लोग ईश्वर से प्रार्थना करते रहे। श्री काशी पुराधिपति के दरबार में लैंडिंग के पहले से ही हवन पूजन शुरू हो गया। चंद्रयान-3 का लैंडर विक्रम जैसे ही चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा तो पूरा बनारस इस गौरवशाली पल पर आह्लादित होकर भारत माता की जय और हर-हर महादेव का नारा लगाने लगा।

युवा ढोल-नगाड़े की थाप पर थिरकते हुए एक दूसरे को मिष्ठान खिलाते रहे। शहर में विभिन्न स्कूलों के साथ कई सार्वजनिक स्थानों पर चंद्रयान की सफल लैंडिंग का लाइव प्रसारण किया गया। चंद्रयान की सफल लैंडिंग से पहले पूरे शहर की आंखें टीवी चैनलों और मोबाइल पर टिक गई। मिशन के फतह होते ही घरों में आधी आबादी भी जश्न मनाने लगी। चहुंओर भारत के वैभव और इतिहास की चर्चा हो रही थी।

भारत माता की जय और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा आईआईटी बीएचयू

चंद्रयान-3 की सफलता से आईआईटी बीएचयू के छात्रों में गजब का उत्साह दिखा। छात्रों ने संस्थान के निदेशक, शिक्षकों, अधिकारियों के साथ चंद्रयान-3 की लैंडिंग का सजीव प्रसारण देखा। चंद्रयान-3 के चंद्रमा की धरती पर लैंड होते ही खचाखच भरे एबीएलटी और जी-8 हॉल वंदे मातरम, भारत माता की जय और हर हर महादेव के जयकारों को गूंज उठा।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रोफेसर प्रमोद कुमार जैन ने इसरो के वैज्ञानिकों समेत देश और दुनिया के सभी भारतीयों को नए गौरव प्राप्त होने की बधाई दी।

जिलाधिकारी ने कमिश्नरी सभागार में चन्द्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण देखा

जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने कमिश्नरी सभागार में चन्द्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण देखा तथा लैडिंग के रोमांचित क्षण का अनुभव किया। लाइव प्रसारण के दौरान बच्चों से साफ्ट लैडिंग के बारे में उन्होंने सवाल भी पूछे। इस दौरान बनारस के विभिन्न स्कूलों, सुधाकर महिला इंटर कॉलेज, कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज, उदय प्रताप इंटर कॉलेज, उदय प्रताप पब्लिक स्कूल, रानी मुरार बालिका इंटर कॉलेज वाराणसी के छात्र एवं छात्राओं के साथ ज़िला विद्यालय निरीक्षक ने चन्द्रयान-3 की लैंडिंग को देखा। चन्द्रयान-3 के सफलतापूर्वक लैंड होते ही सभी खुशी से झूम उठे और तालियां बजाकर इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad