उत्तर प्रदेश राजनीती

कुछ लोगों को वंदन शब्द से दिक्कत,माताओं-बहनों का वंदन नहीं होगा तो किसका होगा: नरेन्द्र मोदी

  • प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पास होने के बाद वाराणसी में महिलाओं से किया संवाद
यूपी की आवाज

वाराणसी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल (महिला आरक्षण बिल) पास होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में महिलाओं से संवाद किया। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि नारीशक्ति वंदन अधिनियम एक व्यापक विज़न वाला कानून है। इस कानून की ताकत तब बढ़ेगी जब समाज से लेकर परिवार तक हर स्तर पर महिलाओं के लिए आगे बढ़ने का अवसर बढ़ेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें ऐसा समाज तैयार करना है जिसमें किसी नारी को आगे बढ़ने के लिए किसी की भी जरूरत न पड़े। इसी लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया है। कार्यक्रम में महिलाओं की भीड़ देख उत्साहित प्रधानमंत्री ने विरोधी दलों को सीधे निशाने पर लेकर कहा कि कुछ लोगों को वंदन शब्द से दिक्कत है। प्रधानमंत्री ने सवाल किया कि माताओं-बहनों का वंदन नहीं होगा तो किसका होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा देश शुरू से पुरुष प्रधान रहा है। लेकिन जब से हमारी सरकार बनी है। खेल के मैदान से लेकर राफेल उड़ाने तक महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने मुद्रा योजना शुरू की। इसका सबसे ज्यादा फायदा महिलाओं को मिला। जितने भी छोटे-बड़े उद्योग जो बंद होने थे, उन्हें फिर से गति मिली है। महिलाएं आज देश की तरक्की में भागीदारी निभा रही हैं। वे अपने हुनर से अपने इलाके में पहचान बना रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन जैसा ऐतिहासिक कानून पास होने के बाद मैं सबसे पहले काशी में आप सबका आशीर्वाद लेने आया हूं। ये मेरा सौभाग्य है कि इतनी बड़ी संख्या में आप हमें आशीर्वाद दे रही हैं। आपका आर्शिवाद मेरे लिए सुरक्षा कवच है। उन्होंने कहा कि कुछ ही समय में दुर्गा पूजा का उत्सव शुरू होने वाला है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम ने इस बार दुर्गा पूजा के उत्साह को और भी कई गुना बढ़ा दिया है। इस कानून से देश के महिला विकास के लिए रास्ते खुलेंगे, लोक सभा और विधान विधान में महिलाओं की उपलब्धि बढ़ेगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना,प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना,आयुष्मान योजना,शहरी आजीविका मिशन,उचित दर की लाभार्थी महिलाओं ने पुष्पवर्षा के बीच प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया।

वाराणसी एक दिवसीय दौरे पर आए प्रधानमंत्री का पुलिस लाइन से रुद्राक्ष तक भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने डमरू, शंखनाद, ढोल तासा के बीच पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। सभा में तख्तियां (प्लेकार्ड ) के माध्यम से भी महिलाएं नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताती रहीं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

Ad