उत्तर प्रदेश

चंद्रयान-3 की सफलतम लैंडिंग नए भारत के सामर्थ्य का प्रदर्शन : योगी आदित्यनाथ

यूपी की आवाज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंद्रयान-3 की सफलता के लिए इसरो के वैज्ञानिकों को हृदय से बधाई दी है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजनरी नेतृत्व और मार्गदर्शन में इसरो के वैज्ञानिकों ने वह कर दिखाया जो अब तक किसी ने नहीं किया था। चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव में चन्द्रयान-3 जो दुनिया के लिए असंभव था, उसपर उतरकर एक असंभव कार्य को करके दिखाया है। इसके लिए देश व प्रदेशवासियों को हृदय से शुभकामनाएं।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज वैज्ञानिकों ने देशवासियों के हर घर से चंद्रमा पर तिरंगे की भावना को साकार किया है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग का सीधा प्रसारण देखकर असीम गौरव व उत्साह की अनुभूति हुई। आज समस्त देशवासियों ने चंद्रयान-3 के सॉफ्ट लैंडिंग को राष्ट्रीय पर्व की भांति गर्व एवं उत्साह के साथ मनाया।

उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए इसरो के सभी वैज्ञानिकों और प्रोजेक्ट से जुड़े पूरी टीम के साथ इस गौरवशाली पल के लिए सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

सतीश महाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने एक और सफलता का बड़ा कदम बढ़ाया है। भारत ने जो कर दिखाया उसकी विश्व में किसी को उम्मीद नहीं थी। आज भारत के लिए बहुत बड़े गर्व का दिन है।

इसके अलावा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और बाल विकास व पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य समेत अन्य मंत्रियों ने चन्द्रयान-3 की सफलता पर शुभकामनाएं दी है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad