उत्तर प्रदेश शिक्षा

डा. सुनीत गिरी बने उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ संयुक्त मोर्चा के प्रदेश सह संयोजक

  • प्रयागराज में शिक्षक संगठनों के 8 गुटों ने बनाया माध्यमिक शिक्षक संघ संयुक्त मोर्चा
  • मुरादाबाद निवासी डाॅ. सुनीत गिरि पूर्व शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी व उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ सेवारत के हैं प्रदेश महामंत्री
यूपी की आवाज

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ सेवारत मुरादाबाद के जिला मंत्री पुष्पेश मिश्रा ने बताया कि सोमवार को प्रयागराज में शिक्षक संगठनों के आठ गुटों ने मिलकर शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को बनाए रखने के लिए एक संयुक्त मोर्चा गठित किया है जिसमें मुरादाबाद निवासी पूर्व शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी व उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ सेवारत प्रदेश महामंत्री डा. सुनीत गिरि को नवगठित उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ संयुक्त मोर्चा का प्रदेश सहसंयोजक नियुक्त किया गया हैं।

पुष्पेश मिश्रा ने आगे बताया कि सेवारत गुट के अध्यक्ष रमेश सिंह व कोषाध्यक्ष डा. प्रमोद श्रीवास्तव सहित चार सदस्य भी संयोजन समिति में शामिल किए गए हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर विज्ञान परिषद् प्रयागराज के सभा कक्ष में आयोजित बैठक में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के ठकुराई, पांडेय, एकजुट, सेवारत गुटों, आदर्श माध्यमिक शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश शिक्षक महासभा, संयुक्त शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षेणेतर एसोसिएशन सहित लगभग सभी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित हुए।

बैठक में शिक्षकों के व्यापक हित में सभी संगठनों द्वारा एकजुट होकर संघर्ष करने पर गहन विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित सभी पदाधिकारियों द्वारा सर्वसम्मति से समन्वित संघर्ष के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (संयुक्त मोर्चा) का गठन करने का निर्णय लिया गया।

नवगठित मोर्चे की कार्यसमिति में सभी संगठनों के अध्यक्ष एवं महामंत्री को सदस्य के रूप में सम्मिलित करते हुए लालमणि द्विवेदी को संयोजक, समस्त महामंत्रियों को सहसंयोजक और प्रत्येक संगठन से 02 अन्य सदस्यों को इसका सदस्य नामित किया गया। संयुक्त मोर्चे का मीडिया प्रभारी एवं अधिकृत प्रवक्ता श्रवण कुमार कुशवाहा को नामित किया गया।

माध्यमिक शिक्षक संघ सेवारत मुरादाबाद मंडल के मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि नवगठित मोर्चे द्वारा संघर्ष के लिए 07 मांग बिंदु निर्धारित किए गए जिसमें प्रदेश के सभी माध्यमिक विद्यालयों के राजकीयकरण, पुरानी पेंशन की बहाली, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग 2023 को वापस लेकर चयन बोर्ड अधिनियम 1982 को पुर्नस्थापित करने, शिक्षा का निजीकरण बंद करने, प्रदेश के वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को वेतन वितरण अधिनियम 1971 से आच्छादित करने, शिक्षा विभाग के कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई करने व तत्काल सिटीजन चार्टर लागू करने तथा शिक्षणेतर कर्मचारियों को शिक्षक पद पर पदोन्नत करने से संबंधित मुद्दे सम्मिलित हैं।

संयुक्त मोर्चे ने उपरोक्त मांगों को लेकर अपने पहले संघर्ष कार्यक्रम के तहत 26 सितम्बर को प्रदेश के सभी माध्यमिक विद्यालयों में एक दिवसीय चाक डाउन करन का निर्णय लिया है। संयुक्त मोर्चे के अगले कार्यक्रम अक्टूबर मे लखनऊ में आयोजित होने वाली बैठक में तय किए जाएंगे।

Tags

Ad