उत्तर प्रदेश मेरा शहर

घोसी विस उपचुनाव : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरु

यूपी की आवाज

मऊ। मऊ जनपद की घोसी विधानसभा के उपचुनाव हेतु आज प्रातः सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरु हो गया। मतदान शाम सात बजे तक जारी रहेगा। मतगणना आठ सितम्बर को होगी।

घोसी विधानसभा क्षेत्र के सभी 455 पोलिंग बूथों पर मतदान प्रारम्भ हो गया है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय घोसी सहित कुछ बूथों पर मतदान शुरु होने से पहले ही मतदाताओं के आने का क्रम जारी हो गया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इस उपचुनाव में कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें मुख्य मुकाबला भाजपा के दारा सिंह चौहान और सपा के सुधाकर सिंह के बीच है। कुल 4.30 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2.31 लाख़ पुरूष, 1.99 लाख महिला तथा 09 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा 01 सामान्य प्रेक्षक, 01 व्यय प्रेक्षक तथा 01 पुलिस प्रेक्षक भी तैनात किये गये हैं। उक्त के अतिरिक्त 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 02 जोनल मजिस्ट्रेट, तथा 110 माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात किये गये हैं।

प्रशासन ने पूरे निर्वाचन क्षेत्र को 2 जोन एवं 27 सेक्टर में विभाजित किया है। इस उपचुनाव को संपन्न कराने हेतु ईवीएम की कुल 591 कंट्रोल यूनिट, 591 बैलेट यूनिट तथा 630 वीवी पैट हैं, जिनमें से 455 ईवीएम एवं वीवी पेट समस्त बूथों पर प्रेषित किए गए है। प्रत्येक जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के पास दो-दो ईवीएम एवं वीवी पेट मशीन का सेट अतिरिक्त रहेगा।

चुनाव आयोग के निर्देशानुसार मतदान प्रातः सात बजे से शुरू होकर सायं छह बजे तक चलेगा। लेकिन, जो मतदाता छह बजे तक मतदान केंद्र पहुंच जाएंगे, वे मतदान कर सकेंगे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad