यूपी की आवाज
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के पहले सौर मिशन आदित्य-एल1 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने एक ट्वीट संदेश में कहा कि भारत के पहले सौर मिशन आदित्य-एल1 का प्रक्षेपण एक ऐतिहासिक उपलब्धि है जो भारत के स्वदेशी अंतरिक्ष कार्यक्रम को एक नए पथ पर ले जाती है। इससे हमें अंतरिक्ष और खगोलीय घटनाओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। मैं इस असाधारण उपलब्धि के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई देती हूं। मिशन की सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।
उपराष्ट्रपति ने एक ट्वीट संदेश में कहा कि भारत के पहले सौर मिशन आदित्य-एल1 का सफल प्रक्षेपण हमारी अंतरिक्ष यात्रा में एक शानदार नया अध्याय खोलता है! मैं इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई देता हूं। यह शानदार उपलब्धि निश्चित रूप से सौर मंडल के बारे में हमारी समझ में भरपूर योगदान देगी।
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, चंद्रयान-3 की सफलता के बाद भारत ने अपनी अंतरिक्ष यात्रा जारी रखी है। भारत के पहले सौर मिशन आदित्य-एल1 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो के हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई। संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए ब्रह्मांड की बेहतर समझ विकसित करने के लिए हमारे अथक वैज्ञानिक प्रयास जारी रहेंगे।