यूपी की आवाज
पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉक्टर अखिलेश सिंह ने गुरुवार को स्पष्ट कर दिया कि विपक्षी एकता के गठबंधन इंडिया का संयोजक कौन बनेगा, इसका उत्तर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे देंगे। इसकी घोषणा मुम्बई की बैठक के बाद की जाएगी।
महागठबंधन सरकार के कैबिनेट विस्तार में कांग्रेस पार्टी की ओर से अभी तक किसी को नहीं लिए जाने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से कैबिनेट के लिए दो नाम तय हो चुके हैं। जिस दिन भी बिहार में कैबिनेट का विस्तार होगा, उस दिन कांग्रेस पार्टी की तरफ से विधायक मंत्री पद की शपथ ले लेंगे। इस बात को लेकर मैं उतना ही आश्वस्त हूं। कैबिनेट का विस्तार कब होगा ये नीतीश कुमार को तय करना है। ये उनका अधिकार क्षेत्र है।
निगम और बोर्ड के पुनर्गठन पर अखिलेश ने कहा कि निगम और आयोग में अभी कांग्रेस पार्टी की तरफ से दो लोगों को बनाया गया है। एक प्रेम चंद्र मिश्रा और एक महिला आयोग की सदस्य बनाई गई हैं। अभी और भी आयोग का गठन होना है। इसमें बताया गया है कि कांग्रेस को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।