अयोध्या के प्रगतिशील किसान रजितराम वर्मा (सुधीर) को राज्य कृषक पुरस्कार से किया गया सम्मानित
अयोध्या | जनपद अयोध्या के तारुन ब्लॉक अंतर्गत सिहोंरिया ग्राम सभा निवासी प्रगतिशील किसान राजितराम वर्मा (सुधीर) को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा राज्य कृषक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह राजभवन, लखनऊ में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ।

राजितराम वर्मा (सुधीर) क्षेत्र में एक नवाचारी एवं प्रगतिशील किसान के रूप में व्यापक रूप से चर्चित हैं। उनकी मुख्य फसल अमरूद है, जो अपनी गुणवत्ता और उत्पादन के कारण पूरे प्रदेश में पहचान बना चुकी है। इसके साथ ही वे गन्ने के उन्नत बीज, शिमला मिर्च, धान की आधुनिक रोपाई, गेहूं की वैज्ञानिक बुवाई तथा विभिन्न प्रकार की फसलों की खेती में भी दक्ष माने जाते हैं।
कृषि नवाचार की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए सुधीर वर्मा द्वारा बागवानी क्षेत्र में बड़े स्तर पर कार्य करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए उन्होंने मदर प्लांट भी तैयार कर लिया है। भविष्य में बड़े पैमाने पर नर्सरी विकसित कर किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौधे उपलब्ध कराने की दिशा में भी उनका प्रयास रहेगा।

उनके द्वारा किए गए इन सराहनीय प्रयासों और कृषि क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने के चलते उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें राज्य कृषक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान न केवल उनके कार्यों की पहचान है, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सुधीर वर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से माननीय राज्यपाल महोदया का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अपने माता-पिता, परिवारजनों एवं क्षेत्रवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग और आशीर्वाद से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है।
विज्ञापन












