उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव प्रणाली में बड़ा बदलाव संभव, जनता सीधे चुनेगी जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख
लखनऊ, राज्य ब्यूरो – उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र को और अधिक सशक्त और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी हो रही है। प्रदेश सरकार अब सांसद और विधायक की तरह जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव भी सीधे जनता से कराने पर विचार कर रही है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार चला, तो आगामी पंचायत चुनाव से ही यह नई प्रणाली लागू हो सकती है।
इस दिशा में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पहल की है। उन्होंने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इस संबंध में विस्तृत चर्चा की। मंत्री राजभर ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा कि अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं कि वे जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव सीधे जनता से कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करें। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है और जल्द ही इसे केंद्र सरकार को भेजे जाने की बात भी कही है।
ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि वह पहले से ही इस व्यवस्था के पक्षधर रहे हैं और यह सुझाव उन्होंने पिछले चुनावों में भी दिया था। इस मुलाकात में उनके पुत्र एवं सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर भी मौजूद रहे।
मंत्री राजभर ने बताया कि पिछले महीने उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी इस विषय पर चर्चा की थी। शाह ने भी इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए राज्य सरकार से औपचारिक प्रस्ताव भेजने को कहा था।
अगर केंद्र सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है, तो यह यूपी की पंचायत व्यवस्था में ऐतिहासिक परिवर्तन होगा। वर्तमान में जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा होता है, लेकिन इस प्रणाली में बदलाव होने पर आम मतदाता को ही यह अधिकार मिलेगा।
यह प्रस्ताव यदि लागू होता है, तो इससे स्थानीय स्वशासन में पारदर्शिता, जनभागीदारी, और सीधे जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, सत्ता की बागडोर सीधे जनता के हाथ में होगी, जिससे ग्राम्य लोकतंत्र को और अधिक बल मिलेगा।
प्रदेश में संभावित इस बड़े बदलाव की घोषणा ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। अब सबकी निगाहें केंद्र सरकार के रुख पर टिकी हैं।
Ads: