उत्तर प्रदेश राजनीती

उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेंगे : भूपेंद्र सिंह

यूपी की आवाज

मेरठ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर भाजपा जीत हासिल करेंगी। 2019 में हारी 14 लोकसभा सीटों पर भी कमल का फूल खिलेगा। विधानसभा चुनावों में ही आईएनडीए गठबंधन का अस्तित्व पता चल जाएगा।

भाजपा का मेरठ, सहारनपुर, गाजियाबाद और मुरादाबाद के चार महापौर और 182 पार्षदों का प्रशिक्षण वर्ग गुरुवार को मेरठ में शुरू हुआ। एनएच-58 बाईपास पर दोआब होटल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने महापौर-पार्षद प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया। शुक्रवार को समापन कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य महापौर और पार्षदों को चुनावी मंत्र देंगे। इस प्रशिक्षण वर्ग के जरिए महापौर और पार्षदों को जनता से बेहतर संवाद बनाने और हर घर तक भाजपा की योजनाएं पहुंचाने का जिम्मा दिया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का पूरा जोर उत्तर प्रदेश में हारी गई 14 लोकसभा सीटों पर 2024 में भाजपा का परचम लहराने पर है। उन्होंने कहा कि 2019 में हम 66 सीटें जीते थे। इस बार हारी हुई 14 सीटों पर भी कमल खिलेगा। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत होगी। आईएनडीए गठबंधन पर उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव अभी दूर है। इससे पहले विधानसभा चुनावों में ही आईएनडीए के अस्तित्व का पता चल जाएगा। सनातन संस्कृति, धार्मिक ग्रंथों, देवी-देवताओं पर आईएनडीए के घटक दलों के नेताओं की टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि इससे विपक्षी नेताओं का दोहरा चरित्र पता चलता है। लोग सब जानते हैं। इस प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल भी भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण वर्ग के जरिए भाजपा का जोर जनता से संवाद पर करने पर है। केंद्र सरकार की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्षदों के जरिए गली-मोहल्लों की छोटी से छोटी समस्याओं को भी हल कराने पर जोर दिया जा रहा है। इससे पहले दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के काशी टोल प्लाजा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भूपेंद्र चौधरी का स्वागत किया। इसके बाद भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल, ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल, जयवीर सिंह समेत पार्टी नेताओं ने भूपेंद्र चौधरी का स्वागत किया।

प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंशी, चंद्रमोहन, गजेंद्र शर्मा, मेरठ जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, अवनीश त्यागी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विक्रांत ढाका, हरिओम शर्मा आदि उपस्थित रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad