लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर गांधी भवन टाउन हॉल में भव्य समारोह, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना रहे मुख्य अतिथि
शाहजहांपुर।
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की जयंती के अवसर पर गांधी भवन टाउन हॉल, शाहजहांपुर में एक गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री माननीय श्री सुरेश कुमार खन्ना उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ददरौल विधायक माननीय अरविंद सिंह ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी श्री वीरेंद्र प्रताप सिंह, तथा बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।
सभा की शुरुआत माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर व दीप प्रज्वलन से की गई। वक्ताओं ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके सामाजिक योगदान, प्रशासनिक दक्षता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके अनुकरणीय कार्यों को याद किया।

मुख्य अतिथि श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा,
“अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की एक ऐसी महान नारी थीं जिन्होंने ना केवल एक कुशल प्रशासक के रूप में राज्य का संचालन किया, बल्कि धर्म, संस्कृति और न्याय व्यवस्था को भी सशक्त किया। उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”

कार्यक्रम के अंत में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों को उनके सामाजिक योगदान हेतु सम्मानित भी किया गया।
यह आयोजन नारी शक्ति और सांस्कृतिक गौरव को समर्पित रहा, जिसमें ऐतिहासिक परंपराओं और मूल्यों को संजोने का संदेश दिया गया।












