उत्तर प्रदेश

कुर्मी को साझने में यूपी भाजपा में बड़ा बदलाव ! सात बार के सांसद पंकज चौधरी प्रदेश अध्यक्ष ? 2027 चुनाव से पहले भाजपा का मास्टरस्ट्रोक

सात बार के सांसद पंकज चौधरी के यूपी भाजपा अध्यक्ष बनने की अटकलें तेज, 2027 की रणनीति में बड़ा दांव

लखनऊ | ब्यूरो रिपोर्ट
लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में एनडीए को अपेक्षित सफलता न मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलाव की तैयारी में जुटी है। इसी कड़ी में सात बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इसे भाजपा की आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा नेतृत्व प्रदेश में पिछड़े वर्गों, विशेषकर कुर्मी/पटेल समाज को साधने के लिए पंकज चौधरी पर भरोसा जता सकता है। यह कदम समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को संतुलित करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी का मानना है कि पंकज चौधरी जैसे अनुभवी और जमीन से जुड़े नेता के नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिल सकती है।

शीर्ष नेतृत्व के करीबी माने जाते हैं पंकज चौधरी

भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष नेतृत्व में अच्छी पकड़ रखने वाले पंकज चौधरी को शांत स्वभाव, सादगी और अनुशासित राजनीति के लिए जाना जाता है। वे चकाचौंध और आक्रामक बयानबाजी से दूर रहकर संगठनात्मक काम को प्राथमिकता देते हैं। यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वे भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते हैं।

राजनीतिक विरोधी भी उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली की सराहना करते हैं। सात बार सांसद रहने के बावजूद कार्यकर्ताओं और आम जनता से उनकी सीधी संवादशीलता बनी हुई है। वे अक्सर क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं और संगठन के निचले स्तर तक संपर्क बनाए रखते हैं।

पीएम मोदी की घर-भेंट ने बढ़ाया कद

लोकसभा चुनाव से पहले गोरखपुर में गीता प्रेस के शताब्दी समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंकज चौधरी के घर जाना राजनीतिक रूप से काफी चर्चित रहा था। पीएम मोदी ने कार्यक्रम और प्रोटोकॉल से हटकर संकरी गलियों से पैदल चलते हुए उनके आवास पर पहुंचकर राजनीतिक संदेश दिया था। इसे पंकज चौधरी के कद और विश्वास का संकेत माना गया।

पार्षद से संसद तक का सफर

गोरखपुर के उद्योगपति स्वर्गीय भगवती चौधरी के पुत्र पंकज चौधरी का जन्म 15 नवंबर 1964 को हुआ। उन्होंने 1989 में गोरखपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में राजनीति की शुरुआत की।
1990 में वे भाजपा जिला कार्यसमिति के सदस्य बने और 1990-91 में गोरखपुर नगर निगम के उपमहापौर चुने गए।
1991 में महाराजगंज लोकसभा सीट से पहली बार सांसद बने। इसके बाद 1996 और 1998 में भी उन्होंने जीत दर्ज की। 1999 में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 2004 में फिर संसद पहुंचे। 2009 में पराजय के बाद 2014 से वे लगातार लोकसभा सांसद चुने जा रहे हैं।

संगठन में बदलाव की आहट

हालांकि भाजपा की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन पंकज चौधरी के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। यदि यह फैसला होता है, तो इसे भाजपा की सामाजिक संतुलन और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम माना जाएगा।

                               विज्ञापन

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments

Ad

देश-दुनियाँ